अंतर-महाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता में महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर विजेता
महर्षि विश्वामित्र वार्षिक खेलकूद महोत्सव-2026 के दूसरे दिन कई स्पर्धाओं का सफल आयोजन


बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित महर्षि विश्वामित्र वार्षिक खेलकूद महोत्सव-2026 के दूसरे दिन खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर महाविद्यालय स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के तत्वावधान में अंतर-महाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता (शैक्षणिक सत्र 2025-26) का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आनंद भूषण पाण्डेय का स्वागत प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर किया। इसके पश्चात क्रीड़ा सचिव डॉ. अवनीश कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। सभी प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. आनंद भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. सुभाष चन्द्र पाठक ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं और ऐसे आयोजनों से प्रतिस्पर्धात्मक चेतना के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है।
आयोजक सह-प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद को भी समान महत्व देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, निर्णायक मंडल एवं छात्र स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
खो-खो प्रतियोगिता का परिणाम

अंतर-महाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि डी.के. कॉलेज, डुमरांव की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देकर दर्शकों की सराहना अर्जित की। पूरे दिन खेल मैदान तालियों, उत्साह और खिलाड़ियों के जोश से गूंजता रहा।
सेमीफाइनल स्पर्धाएं संपन्न
दूसरे दिन महाविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में सेमीफाइनल चरण खेला गया। इसमें ऊंची कूद, लंबी कूद (महिला/पुरुष), गोला फेंक (महिला/पुरुष), बैडमिंटन (महिला/पुरुष) तथा 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ की सेमीफाइनल स्पर्धाएं संपन्न हुईं।
उपस्थिति
अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सुजीत कुमार यादव, डॉ. पंकज कुमार चौधरी, डॉ. रवि प्रभात, डॉ. सैकत देवनाथ, डॉ. भरत कुमार, डॉ. रासबिहारी शर्मा, डॉ. योगर्षि राजपूत, डॉ. नवीन शंकर पाठक, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. अर्चना राय, डॉ. छाया चौबे, डॉ. विरेंद्र कुमार, डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, डॉ. अमन कुमार सिंह, डॉ. आदित्य कुमार सिंह, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति मोर्या, डॉ. रवि कुमार ठाकुर, डॉ. सुमन श्रीवास्तव, डॉ. इसरार आलम, डॉ. जय प्रकाश मिश्रा, डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. अर्चना पांडेय सहित अनेक शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



