एमपी उच्च विद्यालय में अग्निकांड व आतंकी हमलों से निपटने को लेकर मॉकड्रिल, छात्रों को दिया गया प्रशिक्षण


बक्सर। नगर के एमपी उच्च विद्यालय परिसर में बुधवार को नागरिक सुरक्षा कर्मियों को प्रशिक्षित व संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से मॉकड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अग्निकांड सहित विभिन्न आपदा परिस्थितियों में राहत एवं बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम बिहार सरकार के नागरिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा नीति आयोग, भारत सरकार की शासी परिषद की 10वीं बैठक के तहत प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी व कर्मी, सिविल डिफेंस के सदस्य, एनसीसी स्वयंसेवक एवं जिले के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत अपर समाहर्ता द्वारा नागरिक सुरक्षा इकाई की महत्ता एवं मॉकड्रिल की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने आपदा की स्थिति में आम नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में निबंधन कराने की अपील की।
मॉकड्रिल के दौरान अग्निकांड एवं आतंकवादी हमलों की स्थिति में सतर्कता, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा राहत-बचाव की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन वरीय उप समाहर्ता आलोक नारायण वत्स द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।



