एमवी कॉलेज में त्रिदिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का वैदिक विधि से शुभारंभ
खेल जीवन को संतुलन, संयम और सकारात्मक दृष्टि प्रदान करते हैं : राजाराम शरण दास जी महाराज


बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित महर्षि विश्वामित्र वार्षिक खेल महोत्सव-2026 के त्रिदिवसीय आयोजन का शुभारंभ गुरुवार को वैदिक परंपराओं के साथ भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक आनंद मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि महंत राजा राम शरण दास जी महाराज ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने महर्षि विश्वामित्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। दीप प्रज्ज्वलन के बाद रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन, एकता और ईमानदारी की सामूहिक शपथ ली। महाविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा मार्च-पास्ट किया गया तथा वैदिक परंपरा के अनुरूप नारियल फोड़कर खेल महोत्सव के मंगलारंभ की घोषणा की गई।
मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करते हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी अहम भूमिका होती है। वहीं विशिष्ट अतिथि महंत राजा राम शरण दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि खेल जीवन को संतुलन, संयम और सकारात्मक दृष्टि प्रदान करते हैं।
महोत्सव की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि त्रिदिवसीय खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

पहले दिन 100 मीटर दौड़ में कुल 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें आठ-आठ के बैच में विभाजित कर हीट रनिंग कराई गई। प्रत्येक हीट से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सेमीफाइनल के लिए चयनित किया गया। इसी प्रकार 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1200 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। सभी वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले 31 जनवरी 2026 को खेले जाएंगे।
उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
