गोलंबर के पास चालक को आई नींद, अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे वाहन में मारी जोरदार टक्कर


बक्सर। नगर के गोलंबर के समीप बुधवार की तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भोजपुर की ओर से आ रहा बालू लदा एक ट्रक चालक नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे ट्रक की ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बुधवार की सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में तेज आवाज गूंज उठी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और अन्य ट्रक चालकों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर आगे चल रहे वाहन की ट्रॉली में जा घुसा, जिससे ट्रॉली का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर मारने वाले ट्रक का इंजन भी पूरी तरह खराब हो गया है।
दुर्घटना के बाद पटना-बक्सर फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एक लेन में लंबा जाम लग गया। घटना स्थल पर बालू लदा ट्रक तिरछा खड़ा हो जाने के कारण करीब सुबह 8 बजे तक यातायात बाधित रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने चल रहे वाहन का चालक हादसे के बाद अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि गोलंबर का यह इलाका काफी व्यस्त मार्ग है, ऐसे में यदि दिन का समय होता तो एक बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था।



