

बक्सर गुरुदास मठिया स्थित फाउंडेशन स्कूल में Flying Scholar Company के सहयोग से एविएशन अवेयरनेस प्रोग्राम के अंतर्गत तीन दिवसीय फ्लाइट सिमुलेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभिनव पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उड्डयन क्षेत्र के प्रति जागरूक करना, उनमें वैज्ञानिक सोच का विकास करना तथा प्रारंभिक अवस्था में ही पायलट प्रशिक्षण का वास्तविक अनुभव प्रदान करना है।

विद्यालय एवं कंपनी के संयुक्त प्रयास से लगभग 500 विद्यार्थियों को अनुभवी एवं लाइसेंस प्राप्त पायलटों की देखरेख में फ्लाइट सिमुलेटर पर विमान उड़ाने का अवसर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक विमानन तकनीक, कॉकपिट उपकरणों की कार्यप्रणाली, नेविगेशन सिस्टम, रनवे प्रक्रिया, टेक-ऑफ एवं लैंडिंग तकनीक, मौसम के प्रभाव तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

फ्लाइट सिमुलेटर के माध्यम से विद्यार्थियों ने सीखा कि पायलट किस प्रकार हवा में संतुलन बनाए रखते हैं, दिशा नियंत्रित करते हैं और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सटीक निर्णय लेते हैं। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, एकाग्रता और निर्णय क्षमता का उल्लेखनीय विकास देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पायलटों ने बताया कि पायलट बनने के लिए मुख्यतः तीन प्रकार की ट्रेनिंग आवश्यक होती है, जिसमें प्रारंभिक प्रशिक्षण, उन्नत प्रशिक्षण तथा व्यावसायिक लाइसेंस प्रशिक्षण शामिल है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार त्रिगुण ने अपने संबोधन में कहा, “आज का युग तकनीक और नवाचार का युग है। यदि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था में सही दिशा और अवसर मिले तो वे अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं। यह कार्यक्रम केवल विमान उड़ाने का अनुभव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देने का माध्यम है।”

उन्होंने आगे कहा कि 12 से 18 वर्ष की आयु में इस प्रकार के व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे नवाचारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। कई विद्यार्थियों ने पायलट बनने तथा एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

फाउंडेशन स्कूल का सदैव प्रयास रहा है कि पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी अनुभव भी प्रदान किया जाए, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। यह फ्लाइट सिमुलेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।



