जन्मदिन बना जीवनदान का पर्व: निलभ के नाम रक्तदान शिविर, ब्लड बक्सर की पहल से 16 ज़िंदगियों को नई उम्मीद


बक्सर। ब्लड बक्सर एवं ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ब्लड बक्सर के सक्रिय रक्तदाता निलभ के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर “रक्तदान महादान–जीवनदान” शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 10 बजे से मध्य लोहन्दी भवन, आर.एन. पथ, नगर परिषद के पीछे, बक्सर में संपन्न हुआ।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन सदर अनुमंडलाधिकारी श्री अविनाश कुमार, रेड क्रॉस चेयरमैन श्री सुरेश अग्रवाल एवं डॉ. प्रियंका पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, डॉ. शत्रुधन पांडेय, ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 16 रक्तवीरों—रिशु जायसवाल, अखिलेश राय, कुमार गौरव, प्रविव रंजन, प्रभात कुमार, अनूप कुमार, संजय पटवा, मो. हलीम, रवि शंकर, बिनोद वर्मा, मो. इजहार, मो. आरिफ, दीपक कुमार, जय प्रकाश कुमार, विकास कुमार एवं मनोज कुमार ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

सदर अनुमंडलाधिकारी श्री अविनाश कुमार ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से किसी की जान बचाई जा सकती है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान वास्तव में महादान और जीवनदान है। ब्लड बक्सर के कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने ₹5000 की नगद सहयोग राशि प्रदान की और “नई सोच–नई परंपरा” अभियान को सराहनीय बताया। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन ऐसे पुनीत कार्यों में सदैव सहयोग करेगा।

ब्लड बक्सर के संस्थापक संचालक प्रियेश ने रक्तदान के लाभ बताते हुए कहा कि इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग व कैंसर का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान प्रक्रिया के दौरान रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन सहित एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी और सिफिलिस जैसी जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाती हैं, जिससे रक्तदाता को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की भी जानकारी मिलती है।
ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने सहयोग के लिए अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करती है। “शुभारंभ–नई सोच, नई परंपरा” के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान की परंपरा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी दूर की जा सके।
इस शिविर में इंद्रलोक वाणी के सौजन्य से मोमेंटो एवं ब्लड बक्सर द्वारा प्रमाण पत्र देकर रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। शिविर को सफल बनाने में ब्लड बक्सर के प्रभा रंजन, राजा बाबू, सुमेघा कुमारी, अंकिता कुमारी, निशा कुमारी तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, अनुराग कुमार, साहिना समसी, अवधेश जी, मुकेश कुमार सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बताया गया कि यह इस माह का पहला रक्तदान शिविर था और भारत सरकार की नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव के समर्थन में अगला शिविर 20 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवा-युवतियां मोबाइल नंबर 8804433322 पर कॉल कर या ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।



