CrimeOthers

ट्रक लूटकांड का 48 घंटे में पर्दाफाश: 50 लाख का कॉस्मेटिक माल सुरक्षित, तीन गिरफ्तार

बक्सर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में कॉस्मेटिक सामान से भरे ट्रक की दुस्साहसिक लूटकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूट में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लूटा गया ट्रक और उसमें रखा करीब 50 लाख रुपये का कॉस्मेटिक सामान सकुशल बरामद कर लिया गया है।

मामले का खुलासा करते हुए डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और लगातार छापेमारी के जरिए पुलिस ने पूरे गिरोह का चेहरा बेनकाब किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिहार निवासी विशाल सिंह, रामदतही के गुप्तेश्वर पासवान और शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली निवासी उत्तम मिश्रा के रूप में हुई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

खलासी को बंधक बनाकर ले उड़े ट्रक
घटना 19 फरवरी की देर रात की है। गाजियाबाद से पटना और बिहिया के लिए कॉस्मेटिक सामान लेकर जा रहा ट्रक ढकाइच गांव के समीप खड़ा था। चालक के घर चले जाने के बाद खलासी ट्रक की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने खलासी की पिटाई कर मुंह पर टेप चिपका दिया और हाथ-पैर बांधकर उसे अपने वाहन में बैठा लिया। इसके बाद ट्रक लेकर फरार हो गए। कुछ समय बाद अपराधी खलासी को अहिरौली इलाके में छोड़कर भाग निकले।

टोल प्लाजा के कैमरों से खुला राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल से संभावित भागने के मार्गों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। दलसागर टोल प्लाजा की फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन दिखाई दिया, जो जांच में अहम सुराग साबित हुआ। वाहन नंबर के आधार पर पहचान कर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कारनामेपुर परसौरा इलाके से लूटा गया ट्रक बरामद किया गया। ट्रक में रखा पूरा कॉस्मेटिक सामान सुरक्षित मिला।

वाहन स्वामी की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन के स्वामी से भी पूछताछ की जा रही है। उसके नेटवर्क की जांच जारी है। एसडीपीओ ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!