धनसोई बाजार में हर्ष फायरिंग से दहशत, पुलिस ने दो युवकों को हथियार व कार के साथ किया गिरफ्तार

बक्सर | जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। धनसोई बाजार में सरेआम हर्ष फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार और कार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा गांव निवासी अर्जुन सिंह के पुत्र गोलू कुमार यादव एवं विरेन्द्र यादव के पुत्र श्याम कुमार उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, चार खाली खोखे (कारतूस) तथा घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने बताया कि 26 मार्च को सूचना मिली थी कि धनसोई बाजार में एक युवक कार से सरेआम फायरिंग कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सूचना का सत्यापन करते हुए पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कार चालक ने धनसोई स्थित पेट्रोल पंप के पास वाहन रोककर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा।
इस मामले में धनसोई थाना कांड संख्या- 39/26 दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।




