Others

धरौली में बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट: आरा ने नेपाल को हराकर फाइनल में बनाई जगह

बक्सर। ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली गांव स्थित जोगीबीर बाबा खेल मैदान में बुधवार को बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के छठे दिन दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। यह मुकाबला नेपाल और आरा की टीमों के बीच हुआ, जिसमें आरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

मैच का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी कृष्णानंद सिंह उर्फ छोटे सिंह, पूर्व सदर विधायक संजय तिवारी उर्फ मुना तिवारी, मुख्य आयोजक सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज सिंह, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, व्यवसायी हेमंत सिंह एवं स्वंयम्बर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गेंद को किक मारकर किया।

खेल की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मध्यांतर से पहले दोनों टीमों ने 1-1 की बराबरी की। मध्यांतर के बाद आरा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 2-1 की बढ़त बनाई और निर्धारित समय के भीतर 3-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली।

खिलाड़ियों की शानदार पासिंग, तेज गति और शानदार गोल पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। पूरा मैदान खेल प्रेमियों के उत्साह से गूंज उठा।

उद्घाटनकर्ता सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती मिलती है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और युवा नशे व भटकाव से दूर रहते हैं।

फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंह एवं व्यवस्थापक रंजीत सिंह उर्फ फुड्डू सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के लिए चाय, नाश्ता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि फाइनल मुकाबला गाजीपुर बनाम आरा की टीमों के बीच खेला जाएगा।

मुख्य आयोजनकर्ता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता बाबू मनोज सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबू राजमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। वहीं डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। विजेता टीम को 5 लाख रुपये नकद एवं कप, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

मैच में मुख्य रेफरी मोहम्मद सलाम रहे, जबकि सहायक रेफरी की भूमिका शशि कुमार सुमन, संतोष पांडेय, पप्पू कुमार सिंह और जनार्दन सिंह ने निभाई। उद्घोषणा ब्रदर महान, मनीष उपाध्याय और आशुतोष पांडेय ने की।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि परमा यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल सिंह, डॉ. श्रवण तिवारी, अनुराग पांडेय, भाजपा नेता अमित पांडेय, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय, धनंजय पांडेय, रूपेश दुबे, कांग्रेस नेता अनिरुद्ध सिंह, गोपाल पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, अनिल प्रताप सिंह, मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!