
बक्सर। शनिवार को बायपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन, बक्सर के नेतृत्व में जिले के निजी विद्यालयों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निजी विद्यालयों के संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालय संचालकों एवं प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा करते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास तथा शिक्षा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। विद्यालयों के संचालन से जुड़ी समस्याओं का प्रत्यक्ष प्रभाव विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर भी पड़ता है। ऐसे में विद्यालयों की समस्याओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग एवं शिक्षा प्रशासन के समक्ष रखना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निजी विद्यालयों एवं उनमें अध्ययनरत बच्चों से संबंधित समस्याओं से शिक्षा प्रशासन और संबंधित विभाग को विधिवत अवगत कराया जाएगा। साथ ही, आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकालने की दिशा में पहल की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य निजी विद्यालयों की समस्याओं को एकजुट होकर उचित मंच तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों के हित में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सकारात्मक पहल करना है।
बैठक में रविन्द्र सर, धीरज पांडेय, मनोज त्रिगुण, संजीव ओझा, भरत प्रसाद, बसंत सिन्हा, सतीश चंद्र त्रिपाठी, प्रकाश पांडेय, रौशन श्रीवास्तव, पीयूष प्रियदर्शी, पप्पु कुमार गुप्ता, शिव कुमार केशरी, अमित दुबे, धर्मेन्द्र पांडेय एवं सुदीप प्रताप सिंह सहित जिले के अन्य निजी विद्यालयों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




