Others

नया भोजपुर से 22 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार पुलिस की तत्परता से तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी

गिरफ्तार आरोपियों के साथ प्रेस वार्ता करते एसपीL | 1st News Bihar

बक्सर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 22 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से तस्करों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई, हालांकि उनके कुछ सहयोगी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

इस संबंध में बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नया भोजपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि नया भोजपुर पुल के नीचे एक सफेद रंग की हुंडई कार और काले-पीले रंग के टेंपो में गांजा लोड किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही देखा गया कि हुंडई कार से उतारकर टेंपो में गांजा जैसा मादक पदार्थ लोड किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया, जहां तलाशी के दौरान कुल 22 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

सिमरी थाना क्षेत्र के हैं गिरफ्तार तस्कर

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्कर सिमरी थाना क्षेत्र के दुधीपट्टी गांव के निवासी हैं। उनकी पहचान विद्यासागर यादव के पुत्र अखिलेश कुमार यादव एवं चनालाल माली के पुत्र हरेन्द्र माली के रूप में की गई है।
इस मामले में नया भोजपुर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मौके से बरामद हुंडई कार, टेंपो और दो मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

इस सफल कार्रवाई में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!