नशा मुक्ति रंगोली प्रतियोगिता से समाज को दिया जागरूकता का संदेश


बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा संचालित “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को किला मैदान, बक्सर में नशा मुक्ति रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कला और रचनात्मकता के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को नशा-मुक्त समाज निर्माण से जोड़ना रहा।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंगोली के जरिए नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंगों और संदेशों के माध्यम से यह बताया गया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को किस प्रकार प्रभावित करता है।
कार्यक्रम के दौरान बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या है और इससे मुक्ति के लिए जनभागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है। ऐसे रचनात्मक आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
रंगोली प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रौशनी कुमारी, द्वितीय स्थान ऋचा कुमारी और तृतीय स्थान पलक कुमारी को प्राप्त हुआ। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशा-मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प भी लिया।
फाउंडेशन ने जानकारी दी कि नशा मुक्ति अभियान के तहत आगे भी हरित रिबन वितरण, क्विज प्रतियोगिता, शपथ बोर्ड और पोस्टर अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन के निदेशक रामनारायण सहित राहुल जायसवाल, इंद्रजीत चौबे, शुभम कुमार, खुशी केशरी, विनोद कुमार, स्नेहा चौरसिया, अनिल कुमार और श्रेया कुमारी का सराहनीय योगदान रहा।



