पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुआ हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु


बक्सर।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचमुखी हनुमान मंदिर, बक्सर में कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन बड़ी ही धूमधाम, भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व मंदिर के महंत श्री रमाकांत महाराज के पावन सानिध्य एवं मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसका संचालन डॉ. राजेश कुमार पांडेय की देखरेख में किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम के समय पूरे परिसर में भव्य सजावट, रौशनी की जगमगाहट और पुष्पों की महक से वातावरण भक्ति और उल्लास से भर उठा।
महंत रमाकांत महाराज ने अपने प्रवचन में कहा —
> “श्रीराम भक्त हनुमान जी सर्वगुण सम्पन्न, बाल ब्रह्मचारी और प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त हैं। वे अपने भक्तों के संकट हरते हैं और कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हनुमान जी कलयुग में भी निराश जीवन में उत्साह और आस्था का संचार करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि हनुमान जी को उनकी अनंत शक्ति और मंगलकारी स्वभाव के कारण अनेक नामों से जाना जाता है — अंजनीपुत्र, पवनसुत, शंकरसुवन, केसरीनंदन, बजरंगबली, रामदूत, सीता शोक विनाशक और लक्ष्मण प्राणदाता आदि।
पूजन, हवन और महावीरी झंडा स्थापित किए जाने के पश्चात मंगल गायन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भोजपुरी गायक सम्राट भरत शर्मा व्यास, अशोक मिश्रा, के.के. पंडित, बटेश्वर यादव, जितेन्द्र कुमार, गुड्डू पाठक, मुकुल सिंह, पीयूष मिश्रा, मनीष पटेल, राहुल रंगीला, शेषनाथ ओझा, हंसराजू यादव सहित कई प्रसिद्ध कलाकारों ने भक्ति रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ दीं।

जय श्रीराम और जय हनुमान के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में डीएसपी (निगरानी अन्वेषक) डॉ. पवन कुमार, पूर्व सीनेटर अजय कुमार मुनमुन, संदीप ठाकुर, अशोक द्विवेदी, श्रीमन पाठक, अंकित पांडेय, बीरू राय, अभिलाष सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक डॉ. विमलेश पांडे और डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर द्वारा आयोजित यह जन्मोत्सव भक्ति, एकता और सद्भावना का प्रतीक बना।
कार्यक्रम का समापन भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ।



