पुलवामा के वीर शहीदों को समर्पित रक्तदान शिविर, बक्सर में 16 युवाओं ने किया रक्तदान


बक्सर। पुलवामा के वीर शहीदों की पावन स्मृति में सामाजिक संस्था ब्लड बक्सर द्वारा “रक्तदान महादान – जीवनदान” शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड अभियान के अंतर्गत रेड क्रॉस भवन, पुलिस चौकी बक्सर में सुबह 10 बजे से आयोजित हुआ।
शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, आयुर्वेद विशेषज्ञ वैद धीरज (वाराणसी), समाजसेवी ओमजी यादव, वरिष्ठ पत्रकार शशांक शेखर एवं अशोक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सह ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका, रजनीश सिन्हा, नसीम नायक, आदिल खान, प्रविव रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस चेयरमैन द्वारा नए सदस्यों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
आयुर्वेद विशेषज्ञ वैद धीरज जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं घरेलू उपचार की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरागत चिकित्सा पद्धति आज भी अत्यंत प्रभावी है और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रेरित किया।

शिविर में कुल 16 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में रवि शंकर शर्मा, राजा बाबू, अनमोल अग्रवाल, अंकित जायसवाल, संतोष शंकर देशमुख, राकेश कुमार, विकास चौधरी, प्रमोद सिंह, अनिल शर्मा, शमी शर्मा, आदित्य जायसवाल, अमर कुमार शर्मा, विश्वामित्र शर्मा, आकाश केशरी और आशुतोष सिंह शामिल रहे।
संस्था के संचालक प्रियेश ने बताया कि रक्तदान के कई लाभ हैं। इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कैंसर का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन की मात्रा नियंत्रित रहती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पूर्व एवं बाद में रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी और सिफिलिस जैसी जांचें निःशुल्क की जाती हैं, जिससे व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति का भी आकलन हो जाता है।
वहीं नसीम नायक ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन रेखा साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस माह का यह पहला कैंप था तथा भारत सरकार के नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव के समर्थन में अगला शिविर 28 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर या ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रही है। “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” अभियान के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान की परंपरा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके।
शिविर की सफलता में नसीम नायक, कुमार गौरव, सुमेघा कुमारी, निशा कुमारी तथा ब्लड बैंक के मुकेश कुमार, संतोष कुमार, अनुराग कुमार, चंदन कुमार, अवधेश जी सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में इंद्रलोक वाणी का विशेष सहयोग रहा तथा सभी रक्तदाताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।



