

बक्सर। सदर प्रखंड के जरिगांव में 27 फरवरी को पूज्य माता स्वर्गीय फुलशंकरी देवी की 30वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य व्यक्तियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। उपस्थित लोगों ने माता जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय फुलशंकरी देवी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें करुणा, दया और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि माता जी अपनी दानशीलता, सहृदयता और समाज के प्रति समर्पण भावना के लिए क्षेत्र में विख्यात थीं। जरूरतमंदों की सहायता करना उनके जीवन का मूल उद्देश्य था, जिसे आज भी उनका परिवार और संस्थान आगे बढ़ा रहा है।
पुण्यतिथि के अवसर पर वंचितों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों के बीच भोजन एवं वस्त्र का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। जरूरतमंदों के चेहरों पर दिखी मुस्कान ने आयोजन को सार्थक बना दिया।
माता जी के नाम पर स्थापित फुलशंकरी देवी कल्याण एवं विकास संस्थान द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। संस्थान के अध्यक्ष एवं कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल बक्सर के निदेशक डॉ. मोहन चौबे सहित अन्य सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।
संस्थान के अंतर्गत संचालित कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल बक्सर, कैंब्रिज स्कूल डुमराव, कैंब्रिज स्कूल चौसा तथा कैंब्रिज स्कूल इटाढ़ी अपने-अपने क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। संस्थान द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रमों, स्वास्थ्य शिविरों एवं सहायता अभियानों का आयोजन कर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जाती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने माता जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज सेवा के इस अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।



