बक्सर: कर्मचारी महासंघ गोप गुट के जिला सचिव महेंद्र प्रसाद का असामयिक निधन, शोक की लहर


बक्सर. बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोप गुट बक्सर के जिला सचिव एवं समाहरणालय के पंचायत शाखा में प्रधान लिपिक महेंद्र प्रसाद का गुरुवार की रात लगभग 2:30 बजे इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्हें दो दिन पूर्व हार्ट अटैक आने के बाद गंभीर अवस्था में बीएचयू, वाराणसी में भर्ती कराया गया था। वहीं पर इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के कर्मचारियों, शिक्षकों और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। चीनी मिल स्थित उनके आवास पर सांत्वना देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। पार्थिव शरीर पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। कर्मचारी महासंघ के साथ-साथ जिले के बुद्धिजीवी और आम लोग भी इस दुखद सूचना से स्तब्ध रह गए।
लोकप्रिय और मिलनसार व्यक्तित्व थे महेंद्र प्रसाद
महेंद्र प्रसाद अपनी कार्यकुशलता, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के कारण कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। वे लंबे समय से महासंघ गोप गुट के जिला सचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में आयोजित महासंघ के 23वें राज्य सम्मेलन को सफल बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
महासंघ के लिए अपूरणीय क्षति: लवकुश सिंह
दिन में 11 बजे उनके आवास पर एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता महासंघ के राज्य सचिव लवकुश सिंह ने की। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
लवकुश सिंह ने कहा—
“महेंद्र जी का निधन महासंघ के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी यादें सदैव हमारे बीच जीवित रहेंगी।”
इसके बाद चरित्रवन में शवयात्रा निकाली गई जहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में उनके बड़े पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इन प्रमुख लोगों ने दी अंतिम विदाई
महासंघ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह, दीनानाथ सिंह, दीपक कुमार रज्जक, नागेंद्र राम, भाकपा-माले के नगर सचिव ओमप्रकाश, माले नेता वीरेंद्र सिंह, मुखिया राजदेव सिंह, जितेंद्र पासवान, पूर्व जिला सचिव रामजी केशरी, उमाशंकर मिश्र, अवधेश राय, आईसा नेता अंकित सिद्धार्थ समेत बड़ी संख्या में सहयोगी, मित्र व शुभचिंतक उपस्थित रहे।
—
शिक्षक संघ ने जताया गहरा शोक
बक्सर. प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट मूल के जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने महासंघ गोप गुट के जिला सचिव महेंद्र प्रसाद के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनके जाने से पूरा शिक्षक समाज मर्माहत है।
शोक जताने वालों में शाहिद अली, विकास कुमार, अजीत कुमार, पंकज कुमार, यादेंद्र कुमार, सुदर्शन वर्मा, राजीव कुमार, सुरेंद्र प्रताप सिंह, विपिन कुमार, इंद्रजीत वर्मा समेत कई शिक्षक शामिल रहे।



