बक्सर के कला भवन में ताइक्वांडो प्रशिक्षण सह सेमिनार शुरू, 150 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

बक्सर। नगर के कला भवन में शनिवार को ताइक्वांडो से संबंधित दो दिवसीय प्रशिक्षण सह सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत एशियन क्वालिफायर प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। आयोजन में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार ने बताया कि दो दिवसीय नि:शुल्क ओपन प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में करीब 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किए जाने की योजना है। आयोजन में ओएसडी विनीत कुमार, मुख्य अतिथि डीएसओ आलोक कुमार एवं एसडीसी रवि कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
यह प्रशिक्षण सह सेमिनार 22 मार्च 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा नि:शुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण कक्षाएं भी संचालित होंगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील, सचिव संजय और कोच शैलेश के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान शृष्टि, अमन, प्रिंस, विनायक सहित बक्सर स्पोर्ट्स परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




