Politics

बक्सर के रामायण केंद्र में आधुनिक लेजर लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ

केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे बोले – “सिद्धाश्रम की दिव्यता अब विश्व पटल पर बिखेरेगी अपनी रोशनी”

First News Bihar बक्सर, बिहार – निवर्तमान बक्सर सांसद एवं भारत सरकार के मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शनिवार को रामरेखा घाट स्थित रामायण केंद्र में महर्षि विश्वामित्र मंडप में आधुनिक लेजर लाइट एंड साउंड शो के प्रथम प्रदर्शन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री चौबे ने बताया कि इस स्थल का शिलान्यास 22 जनवरी 2024 को किया गया था — वही ऐतिहासिक दिन जब अयोध्या में श्री रामलला का प्राण प्रतिष्ठा हुआ था। इसके बाद 11 मार्च 2024 को फाल्गुन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के शुभ अवसर पर शो का परीक्षण ट्रायल किया गया था, जिसमें तत्कालीन पर्यटन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, बक्सर के डीएम, एसपी, जनप्रतिनिधि तथा भारत सरकार के उपक्रम बेसिल के अधिकारी उपस्थित थे।

श्री चौबे ने बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट की संकल्पना उन्होंने बक्सर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर “रामायण सर्किट” से जोड़ने के उद्देश्य से की थी। उन्होंने लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बक्सर को इस सर्किट में शामिल करने का आग्रह किया था, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकृति दी।

श्रीराम कर्मभूमि न्यास की ओर से सिद्धाश्रम (बक्सर) की प्राचीन गौरवगाथा को पुनर्जीवित करने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज रामायण प्रांगण में श्रीराम कथा पर आधारित लेजर लाइट शो का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर श्री अश्विनी चौबे ने बक्सर किला मैदान स्थित विश्वामित्र चिकित्सा सेवा केंद्र का भी लोकार्पण किया, जो न्यास एवं सेवाभारती के संयुक्त प्रयास से संचालित होगा।

यह सेवा केंद्र कैंसर और अन्य असाध्य रोगों के मरीजों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराएगा।

श्री चौबे ने कहा —

> “हमारा बक्सर, जो प्राचीन काल में सिद्धाश्रम नाम से विख्यात था, वही भूमि है जहाँ भगवान वामन ने जन्म लिया और जहाँ महर्षि विश्वामित्र ने तपस्या की। यही भगवान श्रीराम की प्रथम कर्मभूमि और रणभूमि रही है। अब इसी भूमि से रामराज्य के विचार का बीज फिर से अंकुरित होगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!