Politics

बक्सर के लाल ने बढ़ाया बिहार का मान फाउंडेशन स्कूल के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक

बक्सर के फाउंडेशन स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। विद्यालय के कक्षा नवमी के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर बिहार, अपने जिले बक्सर, माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित की गई थी।

उल्लेखनीय है कि रिशु कुमार का चयन पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर एथलीट के रूप में हो चुका था। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट गति, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से फाउंडेशन स्कूल परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं खेल शिक्षकों ने बताया कि रिशु कुमार इस वर्ष आयोजित विद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों, शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।

गौरतलब है कि चालू शैक्षणिक सत्र में फाउंडेशन स्कूल से यह पाँचवाँ विद्यार्थी है जिसने बिहार की विभिन्न खेल टीमों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है, जो विद्यालय की खेल परंपरा और प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है।

समाचार मिलते ही विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास का वातावरण बन गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने रिशु कुमार की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके सकुशल लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

फाउंडेशन स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों एवं एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर प्रदान करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!