
बक्सर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में आईटीआई मैदान में बक्सर जिलान्तर्गत 592 करोड़ रुपये की लागत से 64 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास एवं 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है. इस क्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, वहीं मुख्यमंत्री ने 7 हजार 441 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 33 करोड़ 17 लाख रुपए का सांकेतिक चेक, 7 हजार 859 जीविका स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदत ऋण के तहत 100 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का सांकेतिक चेक, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत विशेष सहायता योजना के तहत अनुदान भुगतान का सांकेतिक चेक वितरित किया तथा आयुष्मान कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड व कुशल युवा कार्यक्रम का प्रमाण पत्र आदि लाभार्थियों को प्रदान किया.
जीविका दीदियों ने किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागत गान कर उनका अभिनंदन किया. उन्होंने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए कहा कि आप सभी का बिहार के विकास में अहम भूमिका है. आप सभी पूरे बिहार में काफी अच्छा काम कर रही हैं. इसी प्रकार आगे भी पूरी लगन से काम करते रहिए. सरकार आपके साथ है.
सीएम ने जाना योजनाओं का हाल
सीएम ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के कार्यों का अवलोकन कर उनके क्रियानवयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. इन योजनाओं में उद्वह सिंचाई योजना सहित मलई बराज योजना का निर्माण कार्य, बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के सुदृढ़ीकरण, कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य (51.720 कि०मी०), भोजपुर-सिमरी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-9.30 कि०मी०), बक्सर गोलम्बर से ज्योति चौक भाया बस स्टैंड पथ का चौड़ीकरण (4-लेन) एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-3.00 कि०मी०), बड़ी मस्जिद से सेन्ट्रल जेल तक पथ का चौड़ीकरण कार्य (कुल लम्बाई 4.20 कि०मी०), एन0एच0-922 से प्रखंड कार्यालय ब्रह्मपुर वाया बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य (कुल लम्बाई-2.50 कि०मी०), बक्सर नगर परिषद अंतर्गत 620 क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण, प्रखण्ड -सह- अंचल कार्यालय बक्सर सदर में नये भवन का निर्माण, धनसोई बाजार बाईपास निर्माण कार्य (कुल लम्बाई 4.05 कि०मी०), जिला मुख्यालय अन्तर्गत आई०टी०आई० मैदान में स्टेडियम का निर्माण कार्य, एन०एच०-922 से उत्तर प्रदेश के बलिया जिला (एन0एच0-19) को जोड़ने वाले गंगा नदी पर निर्मित जनेश्वर मिश्र पुल (बयासी पुल) के पहुंच पथ का निर्माण कार्य, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज की स्थापना, प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवन सिमरी, चौसा, चौगाई और केसठ का निर्माण कार्य आदि शामिल हैं.
निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कराने को हिदायत
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं का कार्य तय समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं. बक्सर जिला के विकास के लिए ये सभी योजनाएं काफी महत्वपूर्ण हैं. इन कामों के पूरा होने से इलाके का और अधिक विकास होगा तथा लोगों को इसका फायदा मिलेगा. इस दौरान उन्होंने आई०टी०आई० मैदान में पौधारोपण भी किया.
उप मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे स्थानीय विधायक
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान के अलावा जिले के राजपुर विधायक संतोष निराला, बक्सर विधायक आनंद मिश्र, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ० सत्यप्रकाश, बक्सर डीएम साहिला व पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य समेत अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.




