बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के मीडिया प्रभारी बने निर्मल कुमार सिंह, कई अहम फैसलों पर लगी मुहर


बक्सर।बक्सर नगर थाना के समीप स्थित गोयल स्मृति भवन धर्मशाला में बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता चैंबर्स के अध्यक्ष श्री सत्यदेव प्रसाद ने की। इस दौरान सचिव दौलत चंद गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल भी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से बक्सर पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री निर्मल कुमार सिंह को बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
बैठक के दौरान संगठन के बैंक खाता खोलने सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें बताया गया कि जिन सदस्यों ने सत्र 2025-26 की सदस्यता शुल्क अब तक जमा नहीं की है, वे हर हाल में 15 फरवरी तक शुल्क जमा करें। वहीं नया सत्र 2026-27 एक अप्रैल से आरंभ होगा।
इसके साथ ही चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के स्थायी कार्यालय खोलने पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ सदस्य रोहतास गोयल के सुझाव पर पुस्तकालय रोड स्थित सरस्वती पुस्तकालय को चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में पुनर्जीवित करने और नियमित संचालन हेतु पुस्तकालय परिसर में ही चैंबर्स कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया।
नवनियुक्त मीडिया प्रभारी निर्मल कुमार सिंह ने सरस्वती पुस्तकालय को 500 नई किताबें दान देने एवं चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के सभी सदस्यों को आई-कार्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 28 फरवरी को सभी सदस्यों की उपस्थिति में होली मिलन समारोह लजीज व्यंजनों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। साथ ही नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने पर भी सहमति बनी।
अंत में सभी सदस्यों से आग्रह किया गया कि 3 फरवरी 2026 (मंगलवार) को पूर्वाह्न 11 बजे सरस्वती पुस्तकालय के निरीक्षण हेतु अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक में मुख्य रूप से रोहतास गोयल, संजय कुमार मिश्रा, गोपाल जी केशरी, मनोज कुमार वर्मा, परशुराम जी वर्मा, मंजेश केशरी और आशीष गुप्ता उपस्थित रहे।



