BlogOthers

बक्सर नगर परिषद का 2.95 अरब का बजट पास, स्टेडियम, मरीन ड्राइव और डिजिटल ट्रैफिक सिस्टम पर फोकस

महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक टॉयलेट व पिंक वाहन सेवा, गंगा में जल परिवहन और मल्टी-स्टोरी पार्किंग की भी योजना

बक्सर: वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए बक्सर नगर परिषद का करीब 2 अरब 95 करोड़ 2 लाख 56 हजार 591 रुपये का बजट सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस बजट को शहर के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में प्रस्तुत बजट में बुनियादी सुविधाओं से लेकर आधुनिक शहरी विकास योजनाओं तक कई अहम प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट (महिलाओं के लिए सुरक्षित शौचालय) और पिंक वाहन सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है।

शहर में लगेगा डिजिटल निगरानी सिस्टम
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी आधारित डिजिटल ट्रैफिक और निगरानी प्रणाली स्थापित करने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को बेहतर बनाया जाएगा।
खेल और युवाओं को मिलेगा बढ़ावा

बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 के तहत खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल परिसर और स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी जोर दिया गया है।
बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस

नगर परिषद ने नाली-गली निर्माण, नल-जल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई के लिए आधुनिक मशीनों और वाहनों की व्यवस्था जैसे बुनियादी कार्यों के लिए कुल 2 अरब 15 करोड़ 15 लाख 70 हजार 575 रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है।

गंगा में जल परिवहन और मरीन ड्राइव की योजना
बजट में गंगा नदी के अहिरौली से सिपाही घाट तक जल परिवहन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव शामिल है, जिसमें महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सती घाट और गोला घाट के बीच मरीन ड्राइव, फूड कोर्ट और नौकायन सुविधा विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।

शहर में बनेगी मल्टी-स्टोरी पार्किंग
बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए शहर के बीचों-बीच मल्टी-स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना भी प्रस्तावित है, जिससे जाम की समस्या को कम किया जा सके।

जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
बैठक के दौरान पार्षदों ने बजट को और अधिक जनहितकारी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरून निशा ने बजट निर्माण में सहयोग देने वाले सभी पार्षदों, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों, नगर परिषद कर्मियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक, पार्षद बबन सिंह, मनोज कुमार, संजू सिंह, राजू राय समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!