बक्सर पहुंचे प्रशांत किशोर, बोले— भाजपा ने 10 हजार देकर खरीदा मैंडेट, नीतीश का जाना तय

बक्सर। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को मिला जनादेश वास्तविक नहीं बल्कि नियोजित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने प्रति वोटर 10 हजार रुपये देकर यह जनादेश खरीदा है। जब जनादेश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर है ही नहीं, तो उनका जाना पहले से ही तय है।
रविवार को बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत बक्सर पहुंचे प्रशांत किशोर ने नई बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं।
छह महीने का समय देने की घोषणा
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण के गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन के उपवास के दौरान घोषणा की थी कि बिहार में बनी नई सरकार को अपने वादे पूरे करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। इसके बाद जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। इसके लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करेंगे और अभियान को मजबूत बनाएंगे।
राज्यसभा जाने के मुद्दे पर सरकार पर निशाना
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा पर सरकार को घेरते हुए कहा कि यह जनादेश सरकार को मिला ही नहीं है। यह एक ‘मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट’ है, जिसे भाजपा के लोगों ने पैसे देकर हासिल किया है। ऐसे में जब जनादेश मुख्यमंत्री के नाम पर नहीं है, तो उनका जाना तय है।
‘रिमोट से संचालित होंगे नए मुख्यमंत्री’
नए मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिलेगा, जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा। सरकार के फैसले बिहार में होंगे, लेकिन उसका लाभ गुजरात के लोगों को मिलेगा।
इस मौके पर तथागत हर्षवर्धन, दिवाकर पाठक, बजरंगी मिश्रा, मनोज उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, धंजी पांडेय, प्रमोद राय, मनोज कुमार, आनंद मिश्रा, मणि शंकर पांडेय, धनंजय पासवान, डॉ. जितेंद्र, कनक लता सिंह और सुभाष राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




