Others

बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, दो लोडेड देसी कट्टा बरामद

बक्सर। जिले में हथियार तस्करी पर करारा प्रहार करते हुए बक्सर पुलिस ने दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। यह सफलता राजपुर थाना पुलिस को बुधवार देर शाम मिली। दोनों तस्करों की गिरफ्तारी राजपुर थाना क्षेत्र के ओड़वार व सुगहर गांव के बीच कौआखोच–बसही सड़क से की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर निवासी बृजनाथ राजभर के पुत्र गंगासागर राजभर तथा धनसोई थाना क्षेत्र के बावनबांध निवासी शिवनारायण राम के पुत्र अजीत राम के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

इस संबंध में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने अपने कार्यालय कक्ष में गिरफ्तार आरोपियों की मौजूदगी में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाइक सवार दो हथियार तस्करों के बसही से कौआखोच की ओर जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया और तत्काल कार्रवाई की गई।


टीम द्वारा उक्त सड़क पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा बाइक रोकने का इशारा करने पर वे भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कमर से एक-एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही उनके पास से दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हथियार की खरीद-बिक्री के लिए जा रहे थे। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसडीपीओ ने बताया कि हथियार कहां से लाए गए और किन लोगों को बेचने की योजना थी, इस बिंदु पर अनुसंधान जारी है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी गंगासागर राजभर पूर्व में भी कारतूस के साथ पकड़ा जा चुका है तथा उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में भी प्राथमिकी दर्ज है।
इस कार्रवाई में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के पुअनि चंदन कुमार, पीटीसी पूरन उरांव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!