
बक्सर। जिले में बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी तथा आवश्यक वस्तुओं के दामों में वृद्धि के विरोध में जिला ओबीसी कांग्रेस इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम जिला ओबीसी विभाग के अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस दौरान बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया और महंगाई के विरोध में जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन काफी प्रभावित हो गया है। महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोग सबसे अधिक परेशान हैं।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि देश इस समय गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है। महंगाई के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और लोगों को अपने दैनिक खर्च पूरे करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय के साथ-साथ संजय कुमार दुबे, त्रियोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, मोहम्मद अयास, विमल चौबे, मुन्ना तुरहा, बबन तुरहा, राकेश यादव, पिंटू दुबे, यतेंद्र गुप्ता सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




