बक्सर में गंगा स्नान के दौरान 13 वर्षीय किशोर डूबा, राहत कार्य जारी

बक्सर। जिले के छोटकी सारिमपुर स्थित पुलिया गंगा घाट पर बुधवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शिवपुरी मोहल्ला निवासी विश्वजीत पांडेय के 13 वर्षीय पुत्र कुश पांडेय अपने दोस्तों के साथ होली के अवसर पर गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना बुधवार की सुबह करीब 9:00 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी देर तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। राहत एवं बचाव कार्य के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है, जो लगातार गंगा में किशोर की तलाश कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहत कार्य में देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई है।




