Others

बक्सर में गैस एजेंसियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 27 एजेंसियों की सघन जांच

बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के संयुक्त आदेश के आलोक में जिले में गैस एजेंसियों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा विशेष टीमों का गठन कर कुल 27 गैस एजेंसियों की सघन जांच कराई गई।

प्रशासन द्वारा गठित प्रत्येक टीम में एक वरीय दंडाधिकारी/पदाधिकारी के साथ एक पुलिस पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया था। निरीक्षण के दौरान अधिकृत अधिकारियों ने निर्धारित प्रपत्र के आधार पर एजेंसियों की जांच की और आवश्यक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया।

जांच के दौरान यह देखा गया कि एजेंसियों में मूल्य सूची, कार्य के घंटे और स्टॉक की स्थिति प्रदर्शित हो। साथ ही डिलीवरी कर्मियों के पास वेईंग स्केल की उपलब्धता, उपभोक्ताओं के सामने सिलेंडर का वजन और लीकेज की जांच, फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत पुस्तिका और सुरक्षा उपकरण की व्यवस्था की भी जांच की गई। इसके अलावा यह भी सुनिश्चित किया गया कि डिलीवरी कर्मी वर्दी और परिचय पत्र के साथ कार्य कर रहे हों।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सीधे फीडबैक भी लिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनसे निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जा रही है और होम डिलीवरी नहीं मिलने की स्थिति में उन्हें तय रिबेट दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि गैस की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो तत्काल जिला कंट्रोल रूम के नंबर 06183-223333 पर सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!