
बक्सर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से ठीक पहले बक्सर जिला परिषद की सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी के खिलाफ 11 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
यह प्रस्ताव बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 की धारा 70(4)(1) के तहत लाया गया है। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें इसकी सूचना मिल चुकी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वालों में पूर्व जिप अध्यक्ष विद्या भारती, रीता कुमारी और कुसुम देवी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों ने अध्यक्ष पर वित्तीय अनियमितता, मनमानी कार्यशैली और विकास योजनाओं में भेदभाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
सदस्यों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से जिला परिषद की सामान्य बैठक नहीं बुलाई गई है और कार्यवाही पंजी में भी छेड़छाड़ की गई है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि अध्यक्ष द्वारा अपने क्षेत्र में अधिक राशि खर्च की गई है, जिससे अन्य क्षेत्रों के साथ भेदभाव हुआ है।
जिप सदस्य अरविंद प्रताप शाही उर्फ बंटी शाही ने बताया कि इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि डीडीसी और डीएम को भेजी गई है तथा जल्द विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है।
अब सभी की नजर प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा और मतदान पर टिकी है। यदि विरोधी गुट को पर्याप्त समर्थन मिल जाता है, तो अध्यक्ष सरोज देवी की कुर्सी पर संकट गहरा सकता है।




