Others

बक्सर में थिरकी राजस्थान की परंपरा: फाउंडेशन स्कूल में स्पिक मैके के मंच पर गूंजा कल्बेलिया नृत्य का जादू

बक्सर। भारतीय संस्कृति की झलक और लोक परंपराओं की सुगंध से सराबोर एक शानदार सांस्कृतिक संध्या का आयोजन बुधवार को फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में किया गया।
यह कार्यक्रम स्पिक मैके (Society for the Promotion of Indian Classical Music and Culture Amongst Youth) के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रसिद्ध राजस्थानी लोक कलाकार श्री सूरम नाथ जी एवं उनकी टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कमांडिंग ऑफिसर पी. एस. चौहान और डिप्टी कमांडिंग ऑफिसर एन. एस. चौहान रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सूरम नाथ और उनकी टीम ने राजस्थान के पारंपरिक लोक नृत्य ‘कल्बेलिया’ की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और नृत्य का यह अनोखा संगम विद्यालय प्रांगण में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।

इस कार्यक्रम में श्री कसम खान (संगीतज्ञ), श्री फारूखा खान (संगीतज्ञ), श्री आसीन खान (संगीतज्ञ), श्री राकेश नाथ (संगीतज्ञ), श्री करण नाथ (संगीतज्ञ), श्री सागर खान (तालवादक), मिस जमना सपेरा (लोक नर्तकी) और मिस आरती सपेरा (लोक नर्तकी) ने भी शानदार प्रस्तुति दी। उनके मनमोहक नृत्य और मधुर संगीत ने दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे सभागार को गूंजा दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज त्रिगुण ने अपने संबोधन में कहा कि “स्पिक मैके के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति और उसकी विविध कलाओं से परिचित कराना एक सराहनीय प्रयास है। यह हमारे विद्यार्थियों के लिए एक अद्वितीय अनुभव है।”

वहीं, अकादमिक हेड डॉ. एस. के. दुबे ने कहा कि “ऐसे कार्यक्रम न केवल हमारी लुप्त होती पारंपरिक कलाओं को पुनर्जीवित करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी में उनके प्रति सम्मान और रुचि भी बढ़ाते हैं।”

कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार और अतिथियों के सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!