बक्सर में दिल दहला देने वाली घटना: 1100 रुपये के विवाद में पति ने लाठी-डंडे से पीटकर पत्नी की कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बक्सर:जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने लाठी-डंडे से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सोनम धनसोई की रहने वाली थी, जिसकी शादी इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव निवासी सोनेलाल यादव से हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सोनम ने 1100 रुपये खर्च कर दिए थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
रविवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान पति सोनेलाल यादव गुस्से में आ गया और लाठी-डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने मृतका के मायके वालों को इसकी सूचना दी। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मदन डेरा गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बताया जा रहा है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनु कुमार ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




