बक्सर में बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 28 लाख की विदेशी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

बक्सर: मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह सेतु चेकपोस्ट पर एक ट्रक से 258 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। तस्कर इस शराब को कंबल के कतरनों के नीचे छिपाकर चंडीगढ़ से पटना ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबे नाकाम हो गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के जैसे ही ट्रक उत्तर प्रदेश से बक्सर गंगा पुल के रास्ते बिहार की सीमा में प्रवेश किया, वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर उसे संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में जब ट्रक की तलाशी ली गई तो कंबल के कतरनों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस ने ट्रक से विदेशी शराब की कुल 258 पेटी जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान शहजाद आलम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगादासपुर गांव निवासी शरीफ अहमद का पुत्र है।
पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की यह खेप हरदोई के रास्ते पटना पहुंचाई जानी थी।
इस संबंध में मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 2259.720 लीटर है, जिसकी कीमत लगभग 28 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




