बक्सर में सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से 56 वर्षीय हलवाई गंभीर रूप से घायल, वाराणसी रेफर


बक्सर–आरा राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के पड़री मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस के सहयोग से घायल को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर ले गए।

घायल की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर (पांडेयपुर) निवासी शिव कुमार गुप्ता (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजाराम कानू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव कुमार गुप्ता पेशे से हलवाई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, शिव कुमार गुप्ता अपने गांव से मोपेड पर कड़ाही, कलछा सहित अन्य साजो-सामान लेकर अपने पुत्र के साथ बक्सर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पड़री मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि मोपेड पर पीछे बैठे उनके पुत्र को कोई चोट नहीं आई।
घटना की पुष्टि करते हुए औद्योगिक थाना अध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।



