Crime

बक्सर स्टेशन पर ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत मोबाइल चोर रंगे हाथ गिरफ्तार

बक्सर:रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक मोबाइल चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार देर रात की गई।

आरपीएफ के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर एक संदिग्ध युवक घूमता हुआ दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर निवासी शिवम कुमार ओझा के रूप में हुई। उसने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन उसने बक्सर स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की खिड़की के पास सो रहे यात्री से चोरी किया था।

आरपीएफ ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी और बरामद मोबाइल को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी को सौंप दिया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ के उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी दीपक कुमार और कन्हैयालाल चौधरी शामिल रहे।

निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा के लिए आरपीएफ लगातार सतर्क है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!