
बक्सर:शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा 18 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के कुल 310 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
घोषित परिणामों में विद्यालय के 13 छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर पर प्रथम सहित अन्य शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसी परीक्षाएं विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महाकुंभ होती हैं। इससे छात्रों की विषयगत समझ और सामान्य ज्ञान का विस्तार होता है तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक माहौल का अनुभव मिलता है। उन्होंने अभिभावकों को भी शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान:
कक्षा 10वीं की रौशनी सिंह ने राष्ट्रीय, राज्य और जिला तीनों स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कक्षा की रौशनी कुमारी ने तीनों स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आयुष्मान सिंह ने भी उत्कृष्ट रैंक प्राप्त की।
कक्षा 9वीं के अभिषेक कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान तथा राज्य एवं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्वेतांक पांडेय ने राज्य स्तर पर उच्च रैंक और जिला स्तर पर उल्लेखनीय स्थान हासिल किया, जबकि अश्विनी ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 8वीं की पलक श्रीवास्तव, कक्षा 5वीं के प्रिंस सिंह (जिला स्तर द्वितीय) और नवनीत कुमार राय, कक्षा 1 के ब्रजेश कुमार (जिला स्तर प्रथम) एवं अमृता कुमारी ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
इसके अलावा कक्षा 12वीं की ज्योति कुमारी ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।




