Crime

ब्रह्मपुत्र मेल में छूटा यात्री का बैग, आरपीएफ बक्सर ने दो लाख नगद समेत सामान किया सुपुर्द

बक्सर। सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से रेल मदद के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर गाड़ी संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल के एक यात्री का कीमती सामान आरपीएफ बक्सर की तत्परता से सुरक्षित वापस मिल सका। बताया गया कि H-1 कोच के बर्थ नंबर 13 पर यात्रा कर रहे यात्री का दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठू बैग ट्रेन में छूट गया था।

जानकारी के अनुसार यात्री आरा स्टेशन पर पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरे थे, इसी दौरान ट्रेन खुल जाने से वे पीछे छूट गए। सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद जब ट्रेन बक्सर स्टेशन पहुंची, तो आरपीएफ पोस्ट बक्सर के अधिकारी एवं जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को अटेंड किया और संबंधित कोच के बर्थ नंबर 13 से दोनों ट्रॉली बैग एवं एक पिठू बैग को सुरक्षित उतार लिया।

इसके बाद यात्री की पहचान सब्बाज खान (उम्र करीब 66 वर्ष), पिता अहमद खान, निवासी फौजदारी पट्टी, गुरुद्वारा रोड, नागांव (असम) के रूप में हुई। यात्री को सूचना दिए जाने पर वे आरपीएफ पोस्ट बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बैग में नगद राशि, कपड़े एवं दवाइयां होने की जानकारी दी।

 

यात्री की मौजूदगी में बैग खोलकर जांच की गई, जिसमें दोनों ट्रॉली बैग से कुल दो लाख रुपये नगद (₹500 के नोटों की चार-चार गड्डियां) तथा लगभग ₹30 हजार रुपये मूल्य का अन्य सामान पाया गया। पूरी पहचान एवं सत्यापन के बाद नगद राशि और समस्त सामान यात्री को सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया।

इस ईमानदार और सराहनीय कार्य के लिए यात्री ने आरपीएफ बक्सर की भूरी-भूरी प्रशंसा की। यह कार्रवाई निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिनेश चौधरी, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल राम एवं आरक्षी बी.के. सिंह द्वारा की गई। आरपीएफ की इस त्वरित एवं ईमानदार कार्रवाई की चर्चा अन्य यात्रियों के बीच भी होती रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!