Others

मकर संक्रांति व मौनी अमावस्या को लेकर डीएम साहिला ने किया रामरेखा घाट व सिपाही घाट का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बक्सर। मकर संक्रांति एवं मौनी अमावस्या के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने रामरेखा घाट एवं सिपाही घाट का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


निरीक्षण के क्रम में 14 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले पतंग महोत्सव को लेकर जानकारी ली गई। नगर परिषद द्वारा बताया गया कि सिपाही घाट के पश्चिमी खाली मैदान में पतंग महोत्सव तथा पूर्वी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर फ्लैश मोब डांस, म्यूजिकल चेयर, सेक रेस, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, हैंडबॉल एवं पतंग प्रतियोगिता सहित कुल सात प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही साफ-सफाई, डस्टबिन, पेयजल एवं चलंत शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को भी अस्थायी शौचालय स्थापित कराने का निर्देश दिया गया।

रामरेखा घाट के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घाट की सीढ़ियों पर स्थानीय पंडाओं द्वारा अधिक संख्या में चौकियां लगाई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को कठिनाई हो सकती है। इस पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल चौकियां हटवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का आदेश दिया। इसके अलावा घाट पर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर विज्ञापन प्रसारण के स्थान पर आपदा से संबंधित चेतावनी संदेश नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया गया।

शौचालयों के साईनेज दूर पाए जाने पर निर्देश दिया गया कि शौचालय के आसपास भी साईनेज लगाए जाएं तथा अतिरिक्त पेयजल की व्यवस्था की जाए। घाट के आसपास की गलियों में जमा कूड़े को तत्काल हटवाने, सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कैमरे लगाने, 24×7 माइकिंग व्यवस्था चालू रखने तथा सभी लाइट व हाईमास्ट लाइट दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम को भी सही तरीके से विकसित करने का आदेश दिया गया।


इसके अलावा किला मैदान के पास चिन्हित पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर वाहनों की पार्किंग के लिए स्पष्ट साईनेज लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं यातायात पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुमंडल पदाधिकारी को मकर संक्रांति के दिन सिपाही घाट और रामरेखा घाट पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार का जाम न लगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मकर संक्रांति एवं मौनी अमावस्या के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!