मनाई गई शिक्षक पंडित उदय नारायण मिश्र की पाँचवीं पुण्यतिथि, कवि सम्मेलन का आयोजन


बक्सर। मठिया रोड स्थित साईं उत्सव वाटिका में वरिष्ठ शिक्षक पंडित उदय नारायण मिश्र की पाँचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर कवि सम्मेलन सह काव्यपाठ का भी आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन वरीय अधिवक्ता श्री रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी संतान की हर धड़कन में जीवित रहता है तथा स्मृतियों और संस्कारों के रूप में उसका अस्तित्व सदैव बना रहता है। यह आयोजन उनके कनिष्ठ पुत्र, शिक्षक श्री धन्नजय मिश्र द्वारा किया गया।
सभा की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिष्ठित सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राम अवतार पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि होती है। उज्ज्वल चरित्र और गंगा के समान पवित्र आचरण वाला शिक्षक ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण करता है।

कवि सम्मेलन में धन्नू लाल प्रेमातुर, रामेश्वर नाथ मिश्र विहान, श्रीभगवान पाण्डेय ‘निराश’, शिव बहादुर पाण्डेय ‘प्रीतम’, अरुण मोहन भारवि, शशि भूषण मिश्र, डॉ. प्रभाष कुमार वैरागी, फारुक शैफी, राजा रमण पाण्डेय, महेश ओझा ‘महेश’, उमेश पाठक ‘रवि’, प्रमोद कुमार मिश्र, डॉ. दीनानाथ मिश्र, कवि बद्री दुबे, राम प्रताप चौबे, थगदीश ओझा, धन्नजय गुडाकेश, नर्वदेश्वर शुक्ला, संजय सागर एवं हामिद राजा सहित अन्य कवियों ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों को प्रेम और सौहार्द के साथ निभाता है, वही समाज में सदैव स्मरणीय रहता है।
कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने पंडित उदय नारायण मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



