CrimeOthers

महाशिवरात्रि जुलूस में बिना अनुमति डीजे बजाने पर एफआईआर

बक्सर | महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान बिना अनुमति तेज ध्वनि में डीजे बजाने के मामले में नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। ध्वनि प्रदूषण नियमों और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

नगर थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० गुड्डी कुमारी के आवेदन के अनुसार, संध्या गश्ती के दौरान थानाध्यक्ष के निर्देश पर शहर में निकल रहे जुलूसों की जांच की गई। सत्यापन के क्रम में ज्योति चौक के समीप खलासी मुहल्ला की ओर से आ रहे जुलूस में कई वाहनों पर तेज आवाज में डीजे बजते पाए गए।

मौके पर मौजूद डीजे संचालकों से अनुमति पत्र की मांग की गई, लेकिन कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान महेश बाबू (खलासी मुहल्ला), टाइगर डीजे बक्सर, आदित्य डीजे बक्सर तथा एपी डीजे बक्सर (पावर ऑफ ब्लू बॉस) के नाम सामने आए।

देर रात मेन रोड पर पुनः सत्यापन के दौरान भी डीजे तेज आवाज में बजते पाए गए। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान भी कानून-व्यवस्था एवं ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!