राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस का सख्त एक्शन | अवैध हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार, फरार आरोपी के घर से राइफल जब्त


बक्सर राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पहली कार्रवाई में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले एक अपराधी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरी कार्रवाई में फरार आरोपी के घर से राइफल, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गौरव पाण्डेय ने ढ़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर को सूचना मिली थी कि रूपपोखर से बारूपुर जाने वाले मार्ग के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देशी कट्टा बरामद किए गए, जिनमें से एक में जिंदा कारतूस लगा हुआ था। पूछताछ में आरोपी की पहचान बारूपुर के रहने वाले चंदन राजभर के रूप में हुई
इसी दिन मिली दूसरी सूचना पर पुलिस ने राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव में ईश्वर चन्द्र सिंह उर्फ झगरू यादव के घर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर से एक एकनाली राइफल, एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार पाया गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ गौरव पाण्डेय ने बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील रहा है और यहां अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



