राजपुर में विधायक संतोष कुमार निराला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, योजनाओं में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश


बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में विधायक संतोष कुमार निराला की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की सभी योजनाएं जन-जन तक पहुंचनी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई होगी।

बैठक के दौरान बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के माध्यम से 20,252 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी जांच कर आगे की प्रक्रिया की जा रही है। स्वच्छता अभियान के तहत सभी पंचायतों में स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मियों की बहाली की गई है। 17 पंचायतों में कचरा प्रबंधन यूनिट का निर्माण हो चुका है और गांवों में नियमित साफ-सफाई की जा रही है।
बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने जानकारी दी कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण तेज गति से चल रहा है। तीन पंचायतों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि तियरा पंचायत में भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। नागपुर और बारुपुर पंचायत में कुछ तकनीकी समस्याएं हैं। सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत अब तक 2730 लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि खराब लाइटों की रिपोर्ट पंचायतों से मांगी गई है।

बाल विकास परियोजना विभाग की सीडीपीओ श्वेता सिंह ने बताया कि तियरा, रसेन, सिकठी सहित चार स्थानों पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं के मामले में राजपुर प्रखंड जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर है। इस पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक वर्ष में भी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा न होना खेदजनक है।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता कमल कुमार सिंह ने बताया कि कथराई, सिकठी सहित तीन स्थानों पर नए फीडर की आवश्यकता है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और लो वोल्टेज की समस्या दूर करने का निर्देश विधायक ने दिया। पावर ग्रिड में हालिया आग की घटना पर भी दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
पथ निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने ईसापुर-परसथुआ मार्ग, चौसा-कोचस मार्ग की मरम्मत एवं धनसोई बाइपास के कार्य को शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर बाइपास का शिलान्यास किया जाएगा।
धान अधिप्राप्ति को लेकर विधायक ने असंतोष जताया और समय पर किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसान नेता जयप्रकाश राय ने बिचौलियों द्वारा कम दाम पर धान खरीदने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने अधिकारियों को किसानों से सीधे संपर्क करने का निर्देश दिया।
सीओ संतोष प्रीतम ने बताया कि भूमिहीनों के लिए 1174 लोगों का सर्वे किया गया है और लंबित पर्चों का वितरण जल्द किया जाएगा। देवढ़ियां में 250 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जहां उद्योग स्थापित करने की योजना है। राजस्व महाअभियान के तहत 16 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बैठक में किसानों और ग्रामीणों ने दाखिल-खारिज, मापी, आंगनबाड़ी केंद्र, कचरा उठाव और नाली सफाई में गड़बड़ी को लेकर जमकर शिकायतें रखीं। विधायक ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, अन्यथा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
बैठक में डीसीएलआर शशिभूषण, बीडीओ सिद्धार्थ कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, सीडीपीओ श्वेता सिंह, बीईओ ज्ञानू प्रताप सिंह सहित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और योजनाओं को समय पर पूरा करने का भरोसा दिया।



