रोटरी क्लब बक्सर की क्विज प्रतियोगिता में बिहार सेंट्रल स्कूल अव्वल, छात्रों ने बढ़ाया स्कूल मान


बक्सर। हर साल की भांति इस वर्ष भी रोटरी क्लब बक्सर द्वारा लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के तर्ज पर आधारित एक ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता शहर के सिविल लाइन स्थित रोटरी भवन में उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले के लगभग आधा दर्जन प्रतिष्ठित विद्यालयों के दर्जनों प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में कक्षा 10 के छात्र-छात्राएं आस्था कुमारी, रक्षा कुमारी, ऋषिकेश कुमार एवं विकास कुमार शामिल रहे। विद्यार्थियों ने सटीक उत्तर, तेज निर्णय क्षमता और बेहतर टीम वर्क से निर्णायकों को प्रभावित किया।

समापन अवसर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता छात्रों को रोटरी क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सी.एम. सिंह एवं रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस दौरान रोटरी क्लब के सदस्यों ने छात्रों की ज्ञान क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन की सराहना की।

वहीं, इस शानदार उपलब्धि पर बिहार सेंट्रल स्कूल के सचिव सरोज सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं। साथ ही उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए रोटरी क्लब बक्सर की चहुंओर सराहना की जा रही है, जिसने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और ज्ञानवर्धन का एक सशक्त मंच प्रदान किया।



