

बक्सर नगर के चरित्रवन स्थित श्रीनाथ बाबा मंदिर परिसर से चोरी हुई चंदन की लकड़ी को पुलिस ने पूरी तरह बरामद कर लिया है। मंगलवार दोपहर बाद चोरी गए दूसरे चंदन पेड़ की लकड़ी का एक टुकड़ा भी यमुना घाट से बरामद हुआ। इससे पहले 28 दिसंबर को इसी घाट से एक पेड़ की लकड़ी के दो टुकड़े लावारिस हालत में मिले थे।

मंदिर से चोरी गई चंदन की संपूर्ण लकड़ी बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि, इस मामले में संलिप्त चोरों की गिरफ्तारी अब भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। अति सुरक्षित माने जाने वाले मंदिर परिसर से 22 दिसंबर की रात हुई इस चोरी की वारदात ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी।
उल्लेखनीय है कि सूबे के गोपालगंज जिले के थावे मंदिर में हुई चोरी के कुछ ही दिनों बाद किसी अन्य धार्मिक स्थल से इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए थे। पुलिस का मानना है कि लगातार दबाव बढ़ने के कारण चोर रंगे हाथों पकड़े जाने के डर से चंदन की लकड़ी को अलग-अलग स्थानों पर फेंक रहे थे, ताकि सबूत उनके पास न मिले।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी गई चंदन की संपूर्ण लकड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल चोरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



