सिद्धनाथ साह डिग्री कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई स्नातक सेमेस्टर-5 की परीक्षा
537 परीक्षार्थी शामिल


बक्सर/राजपुर। राजपुर प्रखंड के बघेलवा, तियारा स्थित सिद्धनाथ साह डिग्री कॉलेज में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्नातक सेमेस्टर-5 की परीक्षा शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। यह परीक्षा 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी।
कॉलेज कोड-520 एवं कोड-524 को मिलाकर इस केंद्र पर दो कॉलेजों के छात्रों को परीक्षा में शामिल कराया जा रहा है। कॉलेज की प्राचार्या ज्योति कुमारी ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं पुलिस बल की उपस्थिति में पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, हिंदी, उर्दू, गृह विज्ञान और मनोविज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। पहले दिन कुल 537 परीक्षार्थियों में से 3 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, स्वच्छ पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्राचार्या ने बताया कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त कराने के लिए योग्य वीक्षक एवं कर्मी लगातार पर्यवेक्षण में जुटे हुए हैं।
इस दौरान डॉ. राजबहादुर कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अभय कुमार निराला, श्याम बहादुर मौर्य, संजय सिंह, ज्योत्सना सिंह, मीरा कुमारी, नेहा कुमारी, ज्योति कुमारी सहित अन्य वीक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



