Others

स्वामी विवेकानंद जयंती पर बिहार पब्लिक स्कूल में ‘युवा चेतना कार्यक्रम’, पद्मश्री संतोष यादव ने युवाओं को किया प्रेरित

बक्सर। बिहार पब्लिक स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में “युवा चेतना कार्यक्रम” का आयोजन अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्व की प्रथम महिला पर्वतारोही एवं पद्मश्री सम्मानित श्रीमती संतोष यादव रहीं। उनके विद्यालय आगमन पर स्कूल बैंड के विद्यार्थियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।


इस अवसर पर विद्यार्थियों ने श्रीमती संतोष यादव के जीवन, संघर्ष, साहस, अनुशासन एवं उपलब्धियों पर आधारित एक प्रेरणादायी नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर सादगी, सरलता एवं पर्यावरणीय अनुकूलता का विशेष ध्यान रखा गया।
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर पद्मश्री संतोष यादव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी दिया।


सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “सपने उन्हीं के पूरे होते हैं, जो अनुशासन, साहस और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ते हैं। जीवन की हर चुनौती एक पर्वत के समान होती है, जिसे आत्मविश्वास और धैर्य से ही जीता जा सकता है।”

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ें, क्योंकि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। साथ ही उन्होंने समय के महत्व पर जोर देते हुए प्रातःकाल जागने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने और लक्ष्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी

स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”—आज के युवाओं के लिए यह जीवन पथ प्रदर्शक मंत्र है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान रुद्रा गुरुकुल के संस्थापक श्री अविराम सुंदर को उनके उल्लेखनीय शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस आयोजन में बिहार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकगण के साथ-साथ नगर के अनेक शैक्षणिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मिलेनियम स्कूल, हेरिटेज स्कूल, कैंब्रिज स्कूल, बाल विकास केंद्र, गायत्री शक्ति पीठ, विभिन्न कोचिंग संस्थान, महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, सत्यदेव मिल के संस्थापक, बक्सर के गणमान्य नागरिक तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विद्यालय के निदेशक श्री राकेश ओझा ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। वहीं कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री विकास ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!