CrimeOthersPolitics

होली पर डीजे बजाने पर रहेगा प्रतिबंध, संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस तैनाती

बक्सर। आगामी होली पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सदर अनुमंडलाधिकारी कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीओ धीरज कुमार ने की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में होली के अवसर पर बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण, प्रशासनिक तैयारियों एवं सामाजिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के दौरान पूरे अनुमंडल क्षेत्र में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने होली के मद्देनजर अनुमंडल क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है। विशेष रूप से बक्सर के प्रमुख गंगा घाटों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। गंगा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के लाने-ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी और पकड़े जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ ने कहा कि इस वर्ष रमजान माह के दौरान होली पर्व पड़ने के कारण प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि किसी प्रकार का सामाजिक तनाव उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को बाजारों में केमिकलयुक्त रंगों एवं डुप्लीकेट सामान की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही होली के अवसर पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की भी सघन जांच की जाएगी।

प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से होली का पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!