Crime

24 घंटे में बक्सर–फतुहा पैसेंजर ट्रेन लूट कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार

बक्सर–फतुहा पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री से हुए लूटकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में लूट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूटे गए जेवरात, नगद राशि और वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं।

जीआरपी थाना परिसर में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान रेल एसपी आनंद कुमार ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के जमशेदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर निवासी बृज बिहारी पाठक का पुत्र दिनेश पाठक, रोहतास जिले के अगरेर के पास खरवनिया गांव निवासी नंदु कुमार का पुत्र भोले शंकर पासवान उर्फ योगेश कश्यप, तथा बक्सर शहर के ठठेरी बाजार स्थित प्रीति ज्वेलर्स का संचालक अमित वर्मा शामिल है।

बरूना स्टेशन के पास हुई थी वारदात

रेल एसपी ने बताया कि बीते 7 फरवरी की सुबह बक्सर–फतुहा पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहीं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पीसी कॉलेज के समीप विश्वनाथ कॉलोनी निवासी नागेन्द्र मिश्र की पत्नी सुनीता मिश्र के साथ लूट की घटना हुई थी। बरूना स्टेशन के पास दो अज्ञात अपराधियों ने चाकू व पिस्टल के बल पर उनके कान से सोने की बाली और एक हजार रुपये नगद लूट लिए थे।
घटना के बाद पीड़िता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए दानापुर रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान की और छापेमारी कर 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जेवरात, नगद और हथियार बरामद

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से लूट के एक हजार रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त चाकू व लाइट गन जैसा पिस्टल बरामद किया है। वहीं, ज्वेलरी दुकान से 03 पीस नथुनी एवं तीन जोड़ा चांदी की पायल भी जब्त की गई है।

प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी कंचन राज, जीआरपी थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!