EntertainmentOthers

20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता: फैज एकादश बक्सर की शानदार जीत, पटना एकादश से होगा खिताबी मुकाबला

बक्सर।शहर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को फैज एकादश बक्सर और मुजफ्फरपुर की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में फैज एकादश बक्सर ने मुजफ्फरपुर को चार विकेट से पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब शनिवार को फाइनल मुकाबला पटना एकादश और फैज एकादश बक्सर के बीच खेला जाएगा।

दूसरे सेमीफाइनल मैच का रंगारंग उद्घाटन साइबर डीएसपी अविनाश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बल्ले से गेंद को हिट कर किया। इस अवसर पर सेठ छन्नू लाल, डॉ. श्रवण तिवारी, संजय राय, नेमतुल्लाह फरीदी, ओमजी यादव, दुर्गा वर्मा और फसीह आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

टॉस जीतकर बक्सर ने चुनी गेंदबाजी
मैच में फैज एकादश बक्सर के कप्तान फरह अंसारी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम 20.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आदित्य ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि आदर्श ने 26, अरविंद ने 22, मयंक कुमार ने 21 और अतुल प्रियंकर ने 12 रनों का योगदान दिया।

बक्सर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अर्णब किशोर ने तीन विकेट झटके, वहीं फरह अंसारी और दीपक ने दो-दो विकेट लिए। विकास पटेल को एक विकेट मिला, जबकि दो बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

सातवें विकेट की साझेदारी ने पलटा मैच

141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैज एकादश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय टीम 89 रन पर छह विकेट खोकर संकट में नजर आ रही थी। ऐसे में सातवें विकेट के लिए अमरेंद्र तिवारी और अंकित सिंह के बीच हुई 52 रनों की नाबाद साझेदारी ने टीम को जीत की राह पर ला दिया।

 

अमरेंद्र तिवारी ने नाबाद 34 रन और अंकित सिंह ने नाबाद 31 रन बनाए। इनके अलावा कुंदन वर्मा ने 37, हृदयानंद ने 19 और अर्णब ने 11 रनों का योगदान दिया। मुजफ्फरपुर की ओर से आदर्श पाराशर और विक्की रंजन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मयंक और शोभित को एक-एक सफलता मिली। फैज एकादश बक्सर ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से जीत दर्ज की।

अर्णब किशोर बने मैन ऑफ द मैच
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बक्सर के अर्णब किशोर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार रवीश कुमार सिंह की ओर से दिया गया। इसके अलावा पूर्व पार्षद राम इकबाल सिंह की तरफ से कमेंटेटर और स्कोरर को क्रमशः 10,000 और 5,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

नेमतुल्ला फरीदी और दुर्गा प्रसाद वर्मा को बेहतर खेल मैदान एवं पिच निर्माण के लिए चांदी के दस रुपये का सिक्का देकर सम्मानित किया गया।

मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजय तिवारी ने निभाई। ऑनलाइन स्कोरर अमन फरीदी, ऑफलाइन स्कोरर रणधीर सिंह और नारायण रहे, जबकि कमेंट्री विक्की जयसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की। आयोजन के दौरान समिति के सदस्य इमरान फरीदी, मनीष पासवान, राकेश महतो, बबलू बाली, पप्पू चौबे, रोहित सिंह, हरे राम पासवान और दीनानाथ ठाकुर सहित नगर परिषद के वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!