NH-922 पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत


बक्सर। जिले के एनएच-922 पर रविवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण हुए इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने तीन परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया है।
यह दुर्घटना सुबह की है। जानकारी के अनुसार, एक कार में सवार चार लोग बक्सर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वाहन चंदा गांव के समीप पहुंचा, तबि एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत हो गई। सभी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आनन-फानन में सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर निवासी एसएसबी जवान सुजीत कुमार पाण्डेय, ओमकार पाण्डेय, डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव निवासी गिरजा देवी (पति-अरुण तिवारी) और ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के भरखरा गांव निवासी मंजू देवी (पति-धर्मराज ओझा) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक स्वर्गीय चितरंजन पांडेय के परिवार से जुड़े थे, जिनमें दो पुत्र और दो बहनें शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय चितरंजन पांडेय की पुत्री का 2 फरवरी को तिलक कार्यक्रम होना था। इसी को लेकर सभी लोग कार से गंगा पूजा और खरीदारी के लिए बक्सर आ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय फोरलेन पर घना कोहरा छाया हुआ था, जबकि तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही जारी थी। आशंका जताई जा रही है कि कोहरे के कारण चालक को सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका और तेज गति के चलते नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। कुछ देर के लिए फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक की लहर है।



