
बक्सर: मंगलवार को शहर में श्री महावीरी झंडा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति में लीन नजर आए। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
सुबह 11 बजे के बाद अलग-अलग मुहल्लों के अखाड़ों में बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई। इस दौरान हवन, शस्त्र पूजन और पताका फहराने की परंपरा निभाई गई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही पगड़ी बांधने और सलामी की पारंपरिक रस्में भी अदा की गईं।
दोपहर बाद निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर करीब 2 बजे विभिन्न अखाड़ों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। “जय बजरंगी” और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। करीब 3 बजे सभी अखाड़े श्रीचंद्र मंदिर स्थित प्रधान अखाड़ा पर एकत्रित हुए, जहां से महावीरी रथ के साथ नगर भ्रमण शुरू हुआ। रथ पर विराजमान बजरंगबली की आकर्षक प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
शोभायात्रा में शामिल युवाओं ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ अपने अद्भुत करतबों का प्रदर्शन किया। सिर पर केसरिया साफा बांधे युवा तलवार, भाला, लाठी और फरसा लेकर चलते नजर आए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर गदा भांजने और वजन उठाने जैसे करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शोभायात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। महिला और पुरुष श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन के लिए उत्साहित दिखे। अखाड़ा समितियों द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए और दोपहर बाद भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
एहतियातन बिजली आपूर्ति रही बंद
जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए शहर के कई इलाकों में एहतियातन बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी गई।




