ऐतिहासिक किला मैदान में 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज, पटना ने मुगलसराय को 121 रनों से हराया


बक्सर नगर के ऐतिहासिक किला मैदान में रविवार को 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्सवी माहौल में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में कैंब्रिज क्रिकेट एकेडमी, पटना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुगलसराय की टीम को 121 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर जिला पदाधिकारी (एडीएम) अरुण कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुमार ने संयुक्त रूप से अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद को हिट कर किया। राष्ट्रगान के पश्चात पिंटू सिंघानिया द्वारा की गई आतिशबाजी के साथ मैच का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला सोमवार को मोतिहारी एवं पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर की टीमों के बीच खेला जाएगा।
पटना ने बनाए 250 रन
उद्घाटन मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैंब्रिज क्रिकेट एकेडमी, पटना की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पटना की ओर से कुंदन शर्मा ने शानदार 75 रन बनाए, जबकि कप्तान आकाश राज ने 53, आदित्य ने नाबाद 46 तथा सूरज कश्यप ने 40 रनों का अहम योगदान दिया।

मुगलसराय की ओर से दीपक ने 3 विकेट, जबकि पंकज, आदित्य, आरबी एवं अतुल ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
129 रन पर सिमटी मुगलसराय
250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुगलसराय की टीम 20.2 ओवर में 129 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुगलसराय की ओर से चंद्रकांत ने सर्वाधिक 35 रन, दीपक ने 31, विक्रम ने 21, उत्सव ने 16 तथा आदित्य ने 10 रन बनाए।
पटना की ओर से शशीम एवं आकाश राज ने 2-2 विकेट झटके, जबकि आदर्श, प्रीतम, पवन, सूरज एवं हर्ष ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
कुंदन शर्मा बने मैन ऑफ द मैच
शानदार 75 रनों की पारी खेलने वाले कैंब्रिज क्रिकेट एकेडमी, पटना के खिलाड़ी कुंदन शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वार्ड पार्षद दीपक सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
आयोजन में गणमान्य रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में डॉ. तनवीर फरीदी, डॉ. महेंद्र प्रसाद, वार्ड पार्षद इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, राकेश राय, सत्यदेव प्रसाद, नंद जी जायसवाल, संजय सिंह राजनेता, योगेश राय, प्रमोद पांडेय, वार्ड पार्षद झब्बू राय एवं दीपक सिंह सहित कई पार्षद, अखिलेश पांडेय, ऋषिकेश त्रिपाठी, नंदू पांडेय, ओम जी यादव, अनुराग पांडेय, डॉ. सोहेल अहमद समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मैच का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर सुशांत ब्लास्टर की टीम द्वारा किया गया। कमेंट्री की जिम्मेदारी जितेंद्र प्रसाद, विक्की जायसवाल एवं अनुराग श्रीवास्तव ने निभाई। ऑनलाइन स्कोरिंग अमन फरीदी तथा ऑफलाइन स्कोरिंग रणधीर एवं आफताब आलम ने की। अंपायर के रूप में राजेश यादव एवं संजीव कुमार तिवारी रहे। आयोजन समिति की ओर से निमतुल्लाह फरीदी, फरह अंसारी, संजय राय, पंकज वर्मा, शेखू फरीदी, सेठ छन्नू लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



